नई दिल्ली, 7 अप्रैल।
हर साल 7 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व स्वास्थ्य दिवस इस बार एक खास संदेश लेकर आया है। वर्ष 2026 की थीम है— “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े रहें।”
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) इस थीम के माध्यम से लोगों, जानवरों, पौधों और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ते हुए विज्ञान और सहयोग की अहमियत पर जोर दे रहा है।
यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि 7 अप्रैल 1948 को WHO की स्थापना हुई थी। इस मौके पर दुनियाभर में स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित किया जाता है।
साल 2026 का अभियान पूरे वर्ष चलेगा, जिसका उद्देश्य वैज्ञानिक शोध और साक्ष्यों को वास्तविक जीवन में लागू करना है। इसके साथ ही “वन हेल्थ” सिद्धांत को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा माना गया है।
अभियान की शुरुआत दो बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से होगी—एक फ्रांस की जी7 अध्यक्षता में “वन हेल्थ” शिखर सम्मेलन और दूसरा वैश्विक मंच, जिसमें 80 से अधिक देशों के लगभग 800 वैज्ञानिक संस्थान भाग लेंगे।
WHO के अनुसार, महामारी, जलवायु परिवर्तन और एंटीमाइक्रोबियल रेसिस्टेंस जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए विज्ञान का साथ जरूरी है। इसलिए सरकारों, वैज्ञानिकों और आम लोगों से अपील की गई है कि वे विज्ञान पर भरोसा रखें और स्वस्थ भविष्य के निर्माण में योगदान दें।
खास बातें
7 अप्रैल को हर साल मनाया जाता है
1948 में WHO की स्थापना की याद
2026 की थीम: “Stand for Science, Unite for Health”
“वन हेल्थ” पर विशेष फोकस
80+ देशों के 800 वैज्ञानिक संस्थान जुड़े
Discussion about this post