SAGO Report on Covid-19: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की वैज्ञानिक सलाहकार समिति सागो (SAGO – Scientific Advisory Group for the Origins of Novel Pathogens) ने कोविड-19 महामारी के कारक वायरस SARS-CoV-2 की उत्पत्ति पर अपनी रिपोर्ट जारी की है। इस समिति में 27 स्वतंत्र, अंतरराष्ट्रीय और बहु-विषयक विशेषज्ञ शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड-19 की उत्पत्ति को लेकर कुछ हद तक प्रगति हुई है, लेकिन अब भी सभी संभावित सिद्धांतों के मूल्यांकन के लिए आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
WHO के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कहा कि मैं सागो (SAGO Report on Covid-19) के 27 सदस्यों को इस महत्वपूर्ण वैज्ञानिक कार्य में तीन वर्षों से अधिक समय देने और उनकी विशेषज्ञता के लिए धन्यवाद देता हूं। जहां तक जानकारी उपलब्ध है, सभी संभावनाएं अभी भी विचाराधीन हैं – चाहे वह प्राकृतिक ज़ूनोटिक संक्रमण हो या प्रयोगशाला से लीक होने की आशंका। हम चीन सहित उन सभी देशों से अपील करते हैं जिनके पास इस विषय में जानकारी है, कि वे उसे सार्वजनिक रूप से साझा करें ताकि भविष्य की महामारियों से दुनिया को सुरक्षित रखा जा सके।
SAGO Report on Covid-19: रिपोर्ट में क्या कहा गया?
SAGO ने उपलब्ध सबूतों के आधार पर कोविड-19 की उत्पत्ति से जुड़ी प्रमुख अवधारणाओं का विश्लेषण किया। रिपोर्ट (SAGO Report on Covid-19) में निष्कर्ष निकाला गया कि उपलब्ध साक्ष्यों के अनुसार, यह अधिक संभावना है कि वायरस की उत्पत्ति चमगादड़ों से ज़ूनोटिक स्पिलओवर के माध्यम से हुई, या फिर किसी मध्यस्थ जीव के जरिए मनुष्यों तक पहुंचा।
WHO ने चीन से महामारी की शुरुआत के समय संक्रमित लोगों के सैकड़ों जीन अनुक्रम, वुहान के बाजारों में बिकने वाले जानवरों की जानकारी, और वुहान की प्रयोगशालाओं में किए गए कार्य और जैव सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करने का अनुरोध किया था, लेकिन अब तक चीन ने यह जानकारी न तो SAGO को और न ही WHO को दी है।
यह भी पढ़ें: TGMC का बड़ा फैसला! डेंटिस्ट्स नहीं कर सकते हेयर ट्रांसप्लांट और एस्थेटिक सर्जरी
लंबे समय से चल रही जांच
SAGO ने जून 2022 में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट और सिफारिशें जारी की थीं। मौजूदा रिपोर्ट (SAGO Report on Covid-19) उस आधार पर अद्यतन जानकारी प्रदान करती है, जिसमें प्रकाशित शोधपत्रों, क्षेत्रीय अध्ययन, साक्षात्कार, सरकारी रिपोर्टों, ऑडिट व खुफिया रिपोर्टों को शामिल किया गया है।
SAGO की अध्यक्ष और दक्षिण अफ्रीका की यूनिवर्सिटी ऑफ द विटवाटरस्रैंड में प्रोफेसर डॉ. मारीत्जी वेंटर ने कहा कि यह (SAGO Report on Covid-19) केवल एक वैज्ञानिक प्रयास नहीं है, बल्कि यह एक नैतिक और मानवीय ज़िम्मेदारी भी है। यह समझना कि SARS-CoV-2 की उत्पत्ति कैसे हुई और यह महामारी कैसे फैली, भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए बेहद जरूरी है।
अब तक का सफर
- नवंबर 2020 में आयोजित वर्ल्ड हेल्थ असेंबली के विशेष सत्र में सदस्य देशों ने WHO से SARS-CoV-2 की उत्पत्ति का अध्ययन करने को कहा था।
- जनवरी-फरवरी 2021 में अंतरराष्ट्रीय और चीनी विशेषज्ञों की एक संयुक्त टीम चीन गई और मार्च 2021 में अपनी रिपोर्ट प्रकाशित की।
- जुलाई 2021 में WHO प्रमुख डॉ. टेड्रोस ने SAGO की स्थापना की। इसे दो कार्य सौंपे गए – पहला, नए और उभरते रोगजनकों की उत्पत्ति की जांच के लिए एक वैश्विक ढांचा तैयार करना (जो 2023 में प्रकाशित हुआ) और दूसरा, उस ढांचे को कोविड-19 की उत्पत्ति पर लागू करना।
WHO ने स्पष्ट किया है कि SARS-CoV-2 की उत्पत्ति को लेकर अब भी काम अधूरा है। संगठन ने कहा कि अगर इस दिशा में कोई नई जानकारी मिलती है तो SAGO उसका मूल्यांकन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन की वैज्ञानिक सलाहकार समिति सागो की पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए नीचे दिए गए PDF को देखें:-
independent-assessment-of-the-origins-of-sars-cov-2-by-sago
Discussion about this post