Telangana: तेलंगाना सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में सेवाएं दे रहे MBBS इंटर्न, पोस्ट-ग्रेजुएट (PG), सुपर-स्पेशियलिटी, डेंटल छात्रों और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। सरकार ने 1 जनवरी 2025 से प्रभावी रूप से 15% स्टाइपेंड वृद्धि को मंजूरी दे दी है।
राज्य सरकार (Telangana Govt) के 28 जून 2025 को जारी आदेश में कहा गया कि डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजुकेशन, हैदराबाद द्वारा स्टाइपेंड में 15% वृद्धि का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सरकार ने विस्तारपूर्वक विचार करने के बाद स्वीकृति दे दी है।
Telangana: नए स्टाइपेंड की दरें इस प्रकार हैं
- MBBS/BDS इंटर्न: ₹25,906 से बढ़ाकर ₹29,792
- PG डिग्री (पहला वर्ष): ₹58,289 से ₹67,032
- PG डिग्री (दूसरा वर्ष): ₹61,528 से ₹70,757
- PG डिग्री (तीसरा वर्ष): ₹64,767 से ₹74,482
- PG डिप्लोमा (1st वर्ष): ₹58,289 से ₹67,032
- PG डिप्लोमा (2nd वर्ष): ₹61,528 से ₹70,757
- MDS छात्रों के लिए: पहले, दूसरे और तीसरे वर्ष में भी क्रमशः उपरोक्त समान स्टाइपेंड लागू होंगे
- सुपर स्पेशियलिटी (SS) छात्र:
- पहला वर्ष: ₹92,575 से ₹1,06,461
- दूसरा वर्ष: ₹97,204 से ₹1,11,785
- तीसरा वर्ष: ₹1,01,829 से ₹1,17,103
- सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर: अब ₹92,575 के बजाय ₹1,06,461 प्रति माह मानदेय मिलेगा।

हड़ताल टली, सेवाएं फिर से बहाल
तेलंगाना (Telangana) जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (T-JUDA) और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (T-SRDA) ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया है और अपनी प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया है।
T-JUDA ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हम मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गरु, स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजा नरसिम्हा गरु और तेलंगाना सरकार का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमारी चिंताओं को गंभीरता से लिया और तत्काल समाधान प्रस्तुत किया। अब सभी मेडिकल, एकेडमिक और अस्पताल सेवाएं सामान्य रूप से शुरू की जाएंगी।
T-JUDA ने यह भी बताया कि सरकार ने न केवल स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को स्वीकार किया, बल्कि अन्य प्रमुख मांगों जैसे समय पर स्टाइपेंड जारी करने, सालाना फैकल्टी भर्ती कैलेंडर प्रकाशित करने, छात्रवृत्ति और फीस रिइम्बर्समेंट को लेकर भी सकारात्मक आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें: Torrent Pharma ने ₹25,689 करोड़ में जेबी फार्मा का अधिग्रहण किया
16,448 संविदा और आउटसोर्स कर्मियों की सेवाएं एक साल के लिए बढ़ीं
सरकार (Telangana Govt) ने मेडिकल एजुकेशन विभाग के अंतर्गत कार्यरत 16,448 कर्मचारियों की सेवाएं एक वर्ष के लिए बढ़ाने का भी निर्णय लिया है। इनमें 4,772 संविदा, 8,615 आउटसोर्सिंग, 3,056 मानदेय और 5 MTS पद शामिल हैं। ये सेवाएं 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक या स्थायी नियुक्ति होने तक, जो पहले हो, जारी रहेंगी।
T-SRDA ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सरकार द्वारा G.O. जारी करना, पिछले तीन माह से लंबित स्टाइपेंड का भुगतान सुनिश्चित करना और सम्मानजनक तरीके से हमारी मांगों का समाधान करना सरकार की चिकित्सा क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि अब जब हमारी प्रमुख चिंताओं को संबोधित कर दिया गया है, हम अपनी प्रस्तावित हड़ताल को वापस लेते हैं और पुनः पूरी निष्ठा के साथ चिकित्सा एवं शैक्षणिक सेवाओं में योगदान देंगे।
Discussion about this post