Oral Health: हमारे शरीर में दांत एक ऐसा हिस्सा है, जो पूरी बॉडी के लिए बेहद अहम है। ऐसे में यदि दांत खराब हो जाएं तो खाने-पीने में दिक्कत के साथ पेट से जुड़ी बीमारियां भी होने लगती है। आजकल वैसे भी कई लोग अपने दांतों की सफाई पर ध्यान नहीं देते। खासकर गुटखा-तंबाकू खाने वाले लोगों के दांत इतने गंदे होते हैं कि वह व्यक्ति की पर्सनैलिटी पर बुरा प्रभाव डालते हैं।
दांत साफ करने के लिए लोग डेंटिस्ट के पास जाने से भी कतराते हैं। ऐसे में लोग बाजार में मौजूद उल्टे-सीधे केमिकल्स का इस्तेमाल करते हैं, जो दांतों को कुछ समय के लिए चमकदार तो बनाता है, लेकिन उनके दुष्प्रभाव बाद में देखने को मिलते हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ घरेलू नुस्खे बताएंगे, जिनकी मदद से आप अपने दांतों को मोतियों जैसे चमकदार बना सकते हैं।
इस वजह से पीले पड़ जाते हैं आपके दांत
दरअसल, दांतों के पीले पड़ने का कारण हमारे रोजाना के खानपान से जुड़ा है। वैसे भी आजकल लोग फास्ट फूड और बाजार की चीजें ज्यादा खाते हैं, जिससे दांतों का इनेमल खराब हो जाता है। इसी वजह से दांत पीले दिखने लगते हैं। इन सबके अलावा दांतों में प्लाक की परत जमने से भी दांत पीले और सांसे बदबूदार हो जाती हैं।
अच्छे से करें ब्रेश
हमें रोजाना दिन में दो बार ब्रश करना चाहिए। साथ ही माउथ वॉश और दिन में 1 बार मुंह में फ्लॉस करना चाहिए। ऐसा करने से दांतों पर जमी गंदगी धीरे-धीरे साफ होने लगेगी।
किचन में मौजूद ये चीजें चमकाएंगी दांत
सरसों का तेल और हल्दी
यदि आप अपने दांतों की परवाह करते हैं और उनकी सुंदरता बढ़ाना चाहते हैं तो सरसों के तेल और हल्दी से बेहतर कुछ नहीं। इसके लिए आपको बराबर मात्रा में सरसों का तेल और उतनी ही हल्दी मिलानी होगी। अब इस पेस्ट की मदद से रोज अपने दांतों की मसाज कीजिए। कुछ ही दिनों में आपके दांतों का पीलापन गायब हो जाएगा।
नमक का करें इस्तेमाल
आपके किचन की मसालेदानी में सबसे आम चीज होती है नमक। अपने दांतों को चमकाने के लिए थोड़ा सा नमक लें। इसमें थोड़ा सा सरसों का तेल मिलाएं। अब सरसों के तेल में मिले हुए नमक से रोजाना 4 से 5 मिनट तक अपने दांतों और मसूड़ों की मसाज करें। इससे ना सिर्फ आपके दांतों की सफाई होगी, बल्कि मुंह में पनपने वाले बैक्टीरिया भी दूर रहेंगे, जिससे सांसों की बदबू से भी छुटकारा मिल जाएगा।
यह भी पढ़ें: Skin Care: सुबह चावल के पानी से धोएं चेहरा, दूर होंगी ये 5 समस्याएं
बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा भी सिगरेट और गुटखे से दांतों के पीलेपन को दूर करने में मददगार है। ब्रश करने के बाद बेकिंग सोडा लेकर दांतों पर रगड़ने से से दांत साफ हो जाते हैं।
रोजाना गाजर खाएं
कच्चे फल सब्जियां खाना सेहत के साथ-साथ दांतों के लिए भी फायदेमंद होती है। रोजाना एक कच्ची गाजर को दांतों से काटकर खाएं और चबाएं। गाजर में मौजूद रेशे दांतों को साफ करने में सहायक होते हैं।
ये भी हैं कुछ अन्य उपाय
केला
केले के छिलके को आमतौर पर लोग खाने के बाद कूड़े के ढेर में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी छिलके की मदद से आप अपने दातों को चमकदार बना सकते हैं। इसके लिए आपको केले के छिलके के अंदर वाले यानी सफेद हिस्से को दांतों पर दो-तीन मिनट तक रगड़ना होगा। इसके बाद ब्रश जरूर कर लें। हफ्ते में 2-3 बार केले के इस्तेमाल से आपके दांत मोतियों जैसे चमकदार हो जाएंगे।
Discussion about this post