शासनादेश

International Day of Yoga 2025: आयुष मंत्रालय ने लॉन्च किया समर्पित न्यूजलेटर

International Day of Yoga 2025: आयुष मंत्रालय ने लॉन्च किया समर्पित न्यूजलेटर
International Day of Yoga 2025: 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को और अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, आयुष मंत्रालय के अधीन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान ने एक समर्पित न्यूजलेटर लॉन्च किया है। इस पहल का उद्देश्य समय पर जानकारी प्रदान करना, योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और दुनियाभर में लोगों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ (एक पृथ्वी, समान स्वास्थ्य के लिए योग) निर्धारित की गई है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन से प्रेरित है, जिसमें योग को मानवता को जोड़ने वाली वैश्विक शक्ति के रूप में देखा गया है। आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री प्रतापराव जाधव ने इस मौके पर कहा, “यह न्यूजलेटर नागरिकों और हितधारकों के लिए पारदर्शी और समयबद्ध संवाद सुनिश्चित करने का एक अभिनव माध्यम है। यह पहल प्रधानमंत्री के 'मन की बात' में साझा किए गए विचारों को जीवन में उतारने का एक सशक्त प्रयास है।” मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि यह न्यूजलेटर केवल एक प्रकाशन नहीं बल्कि एक आंदोलन है, जो योग को हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, “इससे IDY 2025 में भागीदारी बढ़ेगी और समग्र स्वास्थ्य व सद्भाव की दिशा में देश की प्रतिबद्धता को बल मिलेगा।”

यह भी पढ़ें: Harit Yoga: योग के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण का समागम

संयुक्त सचिव सुश्री मोनालिसा दाश ने बताया कि यह न्यूजलेटर विभिन्न संस्थानों, संगठनों और समुदायों की साझा आवाज है। “यह यह सुनिश्चित करता है कि योग का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और सभी वर्गों की भागीदारी को बढ़ावा मिले,” उन्होंने कहा। MDNIY के निदेशक डॉ. काशीनाथ समागंडी ने इसे “एक सहयोगात्मक यात्रा” बताया और कहा कि राष्ट्रव्यापी आयोजनों की जानकारी समय पर साझा करने के लिए आयोजकों से सतत सहयोग आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि यह न्यूजलेटर समाज के सभी स्तरों पर योग और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतिबिंब है।

बहुआयामी पहल की झलक

न्यूजलेटर न केवल आयोजन की योजनाओं, उपलब्धियों और रसद तैयारियों की जानकारी देगा, बल्कि यह पंजीकरण पोर्टल, सहभागिता दिशानिर्देशों और समुदाय-आधारित पहलों से भी जुड़ी जानकारी साझा करेगा। इसमें ‘हरित योग’, रिहर्सल गतिविधियों, और जमीनी स्तर पर चल रहे अभियानों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। मंत्रालय इस मंच का उपयोग नवाचारी अभियानों, डिजिटल टूल्स जैसे योग ऐप, और वर्ष की थीम से जुड़े विशेष कार्यक्रमों को उजागर करने के लिए करेगा। यह संवाद सेतु पूर्व-कार्यक्रमों, कर्टन रेजर इवेंट्स, और अंतरराष्ट्रीय सहयोगों पर नियमित अपडेट प्रदान करेगा। साथ ही, इसमें प्रसिद्ध योग चिकित्सकों और वैज्ञानिकों की विशेषज्ञ राय भी शामिल की जाएगी, जिससे पाठकों को योग के वैज्ञानिक पक्ष की गहराई से समझ मिल सके।

वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका

न्यूजलेटर का उद्देश्य भारतीय दूतावासों, प्रवासी समुदायों, और अन्य अंतरराष्ट्रीय भागीदारों की गतिविधियों को उजागर करना भी है, ताकि योग दिवस की गूंज केवल भारत तक सीमित न रह जाए, बल्कि यह हर महाद्वीप में उत्साह के साथ मनाया जाए। प्रधानमंत्री के उस दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में यह न्यूजलेटर एक कदम और आगे बढ़ता है, जिसमें योग को विश्व कल्याण आंदोलन का नेतृत्व करने वाला माध्यम बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की ओर बढ़ते हर कदम के साथ, यह न्यूजलेटर देश और दुनिया को एकजुट करने वाले इस ऐतिहासिक अवसर का सशक्त वाहक बनकर उभर रहा है।