भारत पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में बुर्किना फासो के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है: श्री प्रतापराव जाधवसंस्थागत सहयोग से पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में मिलकर काम करने के नए रास्ते खुलेंगे: श्री जाधव
केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), आयुष मंत्रालय श्री प्रतापराव जाधव ने आज नई दिल्ली में बुर्किना फासो के मंत्री और वहां के राष्ट्रपति के विशेष सलाहकार महामहिम श्री रोजर बारो की अगुआई वाले बुर्किना फासो के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बुर्किना फासो का यह प्रतिनिधिमंडल 17 से 25 नवंबर 2026 तक भारत के दौरे पर है। इस दौरे का मुख्य फोकस पारंपरिक चिकित्सा और आयुष संस्थानों पर है।
मुलाकात के दौरान, श्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि भारत, बुर्किना फासो के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को बहुत महत्व देता है और इस साझेदारी को और मजबूत करने का इच्छुक है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के पास पारंपरिक चिकित्सा और स्वदेशी स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों की एक समृद्ध विरासत है, जो इस क्षेत्र में सहयोग के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करती है।
श्री जाधव ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि बुर्किना फासो के राष्ट्रपति, महामहिम कैप्टन इब्राहिम ट्राओरे ने बुर्किना फासो के पारंपरिक औषधीय पौधों के संरक्षण और सतत विकास के लिए भारत से सहयोग लेने में दिलचस्पी दिखाई है। उन्होंने कहा कि भारत, पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में बुर्किना फासो के साथ मिलकर काम करने का इच्छुक है। भारत अपना अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने के लिए तैयार है, जिसमें हर्बल दवाओं के मानकीकरण (स्टैंडर्डाइजेशन), गुणवत्ता आश्वासन, फार्माकोपियल मानक और नियामक ढांचा जैसे विषय शामिल हैं।
श्री जाधव ने भारत के आयुष संस्थानों और बुर्किना फासो के पारंपरिक चिकित्सा संस्थानों के बीच संस्थागत साझेदारी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड (एनएमपीबी) और बुर्किना फासो के संबंधित संस्थानों के सहयोग से, पारंपरिक पौधों के संरक्षण और सतत विकास पर एक प्रमुख 'भारत-बुर्किना फासो परियोजना' शुरू करने की काफी संभावनाएं हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत बुर्किना फासो में योग और आयुष-आधारित वेलनेस कार्यक्रमों को बढ़ावा देने में सहयोग करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक संस्थागत ढांचा तैयार करने के लिए, आयुष मंत्रालय और बुर्किना फासो के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने की संभावना तलाश सकते हैं। उन्होंने पारंपरिक चिकित्सा पर भविष्य में होने वाली डब्ल्यूएचओ ग्लोबल समिट और गुजरात के जामनगर में स्थित डब्ल्यूएचओ ग्लोबल पारंपरिक चिकित्सा केंद्र के कार्यक्रमों में बुर्किना फासो की भागीदारी का भी स्वागत किया। तत्काल कदम के रूप में, उन्होंने सुझाव दिया कि दोनों पक्ष इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने और सहयोग के विशिष्ट क्षेत्रों को तय करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करें।
दक्षिण-दक्षिण सहयोग (South-South Cooperation) के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और जी20 तथा ब्रिक्स के माध्यम से अपनी भागीदारी को रेखांकित करते हुए, मंत्री ने कहा कि भारत, बुर्किना फासो को उसके विकास लक्ष्यों को हासिल करने में पूरा समर्थन देता है। उन्होंने बताया कि यह विकास साझेदारी, बुर्किना फासो सरकार द्वारा तय की गई जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भारत, आईटीईसी, आईसीसीआर और पीसीएफडी कोर्स जैसे कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति के जरिए वहां की क्षमता निर्माण में भी योगदान दे रहा है। पिछले कुछ वर्षों में, बुर्किना फासो के 250 से अधिक नागरिकों ने इन कार्यक्रमों का लाभ उठाया है।
मंत्री ने बताया कि बुर्किना फासो में भारतीय समुदाय छोटा होने के बावजूद काफी सक्रिय है और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में सकारात्मक योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुर्किना फासो सरकार का निरंतर सहयोग भारत के लिए सराहनीय होगा। उन्होंने आगे कहा कि भारत, बुर्किना फासो के साथ मिलकर पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें सहयोग, ज्ञान का आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण शामिल हैं। श्री जाधव ने प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के सफल और सार्थक होने की कामना की और कहा कि वे दोनों देशों के बीच सहयोग को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
इस प्रतिनिधिमंडल में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य मामलों के विशेष मंत्री सलाहकार प्रो. राकिसिडा अल्फ्रेड ओएड्रोगो; स्वास्थ्य मंत्रालय में पारंपरिक और वैकल्पिक चिकित्सा की निदेशक डॉ. मरियम सवाडोगो/बगायन (जो इस मिशन की रिपोर्टर भी हैं); जोसेफ की-जर्बो विश्वविद्यालय में फार्माकोग्नॉसी (औषधीय पादप विज्ञान) की विशेषज्ञ और व्याख्याता-शोधकर्ता प्रो. अमिनाता पाग्नमदेबसोम नाकुलमा; तथा पारंपरिक चिकित्सा और एकीकृत देखभाल केंद्र के निदेशक और विशेषज्ञ फार्मासिस्ट डॉ. हयासिंथे बोनकोउंगौ शामिल थे।
बुर्किना फासो दूतावास की ओर से राजदूत श्री सोमे डेसिरे बोनिफेस, डिप्टी चीफ ऑफ मिशन श्री ज़िंगुए-ओउतारा डिडिएर क्रिश्चियन और दुभाषिए श्री ओउबा जोएल शामिल हुए। विदेश मंत्रालय की ओर से, बुर्किना फासो में भारत के राजदूत श्री ओ. पी. मीना और विदेश मंत्रालय में अवर सचिव (मध्य और पश्चिम अफ्रीका) श्री कैलाश भट्ट ने बैठक में भाग लिया। आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा और आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद थे।
इस बैठक में पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने और आयुष संस्थानों तथा बुर्किना फासो के संबंधित संस्थानों के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और बुर्किना फासो की साझा प्रतिबद्धता को दोहराया गया।
पीके / केसी/ आरटी / एमपी
स्रोत: Press Information Bureauस्रोत की तारीख: 18-11-2026 19:02 IST
चित्र: इसी स्रोत की तस्वीर या इन्फोग्राफिक। सौजन्य: Press Information Bureau।
01
02
03